
टीकमगढ़। महेन्द्र सागर तालाब का घटता जल स्तर एवं बढ़ते अतिक्रमण को लेकर जहां पिछले एक दशक से चिंता जाहिर की जाती रही है, वहीं तालाब में व्याप्त गंदगी एवं बेस्ट बियरों की बिगड़ती हालत को लेकर भी लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। नगर के जागरूक समाजसेवियों ने दोनों बेस्ट बियरों की साफ-सफाई किए जाने एवं अतिक्रमण हटाए जाने को लेकर यहां प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा है। यह जानकारी देते हुए समाजसेवी रमेश द्विवेदी ने बताया कि सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि महेन्द्र सागर तालाब में अभी वर्तमान में 60 प्रतिशत भराय है तथा मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार इस बार अत्यधिक बारिश के योग है। कहा गया है कि समय रहते 30 जून के पहले महेन्द्र सागर तालाब के दोनों बेस्ट वियरों की साफ सफाई एवं मरम्मत जरूरी है। यह दोनों बेस्ट वियर अतिक्रमण एवं गंदगी के कारण बंद पड़े हुए हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों सहित आसपास के ग्रामीणों में चिता बनी रहती है। ज्ञापन में समाजसेवियों ने कहा है कि पुरानी टेहरी पहला पुल बंडा वेस्ट वियर जो पावर हाउस से किले के पीछे से होकर खादी भण्डार के पीछे पूर्व विधायक केके श्रीवास्तव के मकान के पीछे से होकर वृंदावन तालाब में मिलता है। बीच में पहले बाईपास रोड पर पुलियों में भारी कचड़ा फसा है और बंडा नहर चोक है, जिससे तालाब के ओवर फ्लो पानी का निकास अवरूद्ध है, अत: उसकी सफाई अति आवश्यक है। कहा गया है कि दूसरा बेस्ट वियर ललितपुर बॉयपास के पहले दूसरा पुल है, जिससे होकर ओवर फ्लो पानी बुनकरयाने से रमन्ना जंगल से होता हुआ सुधासागर में मिलता है ,जो कि बुनकरयाने के लोगों द्वारा अतिक्रमित है, उसको हटाना जरूरी है। ज्ञापन में कहा गया है कि समय रहते इन दोनों बेस्ट वियर कि साफ सफाई सिचाई विभाग के इंजिनियर की देखरेख में की जाना अत्यंत आवश्यक है, अन्यथा इस बारिश में तालाब की बंधान कहीं से भी क्षतिग्रस्त होकर नीचे रहने वाले महाराजपुरा आदि गांवों के रहवासियों को प्रभावित कर सकती है। तालाब और रहवासियों की जान माल कि सुरक्षा हेतु उपरोक्त वेस्ट वियर की साफ -सफाई कराने कि कृपा करें। ज्ञापन देने वालों में समाजसेवी रमेश कुमार द्विवेदी, भारतभूषण पटैरिया, हरि श्रीवास्तव, केशव मिश्रा, नरेन्द खरे, राजेन्द्र सक्सेना, केके चतुर्वेदी के नाम शामिल हैं।








