
छतरपुर। करीब दो सप्ताह पूर्व बड़ामलहरा नगर के दो स्थानों पर चोरियां हुई थीं। फरियादियों ने घटना के अगले दिन थाने में शिकायत की थी लेकिन पुलिस अभी तक चोरों का पता नहीं लगा सकी है, जिससे फरियादियों में आक्रोश है। मंगलवार को फरियादियों ने जिला मुख्यालय पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देते हुए चोरियों का खुलासा किए जाने की मांग की है।
बड़ामलहरा निवासी सुधीर गोस्वामी और राजू राय ने बताया कि गत 8 मार्च की रात को उनके घरों को निशाना बनाकर अज्ञात चोर लाखों की संपत्ति चुरा ले गए थे। सुधीर के मुताबिक उसके घर से करीब 6 लाख की चोरी हुई थी जबकि राजू राय के घर से 5 लाख की संपत्ति चोरी की गई थी। दोनों फरियादियों ने थाना में चोरी की शिकायत की थी लेकिन पुलिस अभी तक चोरों को नहीं पकड़ सकी है। सुधीर गोस्वामी ने बताया कि उनके घर थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर मौजूद हैं, बावजूद इसके चोरी की वारदात हो गई। फरियादियों ने बताया कि उनके अलावा नगर के अन्य कई स्थानों पर भी पिछले कुछ दिनों में चोरियां हुई हैं। बड़ामलहरा पुलिस की निष्क्रियता के चलते चोरों के हौसले बुलंद हैं और वे लगातार चोरी करने में लगे हुए हैं। एसपी को आवेदन देकर सुधीर गोस्वामी और राजू राय ने चोरियों का खुलासा करने की मांग की है।








