
छतरपुर। 30 जनवरी 2025 को शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत चौक बाजार के पास स्थित प्रभात ज्वैलर्स प्रतिष्ठान से दो अज्ञात चोर 40 ग्राम सोने की आभूषण चुरा ले गए थे। घटना के बाद लगभग 2 माह बीत गए हैं लेकिन पुलिस अभी तक चोरों को पकड़ नहीं सकी है। सोमवार को जिला अग्रवाल समाज और सर्राफा एसोसिएशन के सदस्यों ने एसपी से मुलाकात कर चोरों को पकड़ने की मांग की है।
प्रभात ज्वैलर्स के संचालक तथा जिला अग्रवाल समाज छतरपुर एवं सर्राफा एसोसिऐशन छतरपुर के अध्यक्ष प्रभात अग्रवाल ने बताया कि 30 जनवरी की दोपहर करीब 3 बजे उनकी दुकान पर आए दो अज्ञात युवक, लगभग 40 ग्राम सोने के आभूषण चुराकर फरार हो गए थे। घटना दिनांक को ही कोतवाली थाना में एफआईआर दर्ज कराकर सीसीटीवी वीडियो पुलिस को उपलब्ध कराया गया था। उन्होंने कहा कि उनकी दुकान से हुई चोरी को अंजाम देने वाले चोर अभी तक पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं। वे लगातार थाना के पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर खुलासा करने की मांग करते आ रहे हैं लेकिन अभी तक परिणाम सामने नहीं आए। प्रभात अग्रवाल के साथ ज्ञापन देने पहुंचे अन्य व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक अगम जैन से चोरों को पकड़ने की मांग की है।








