
छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की सिंचाई कॉलोनी में रहने वाले शर्मा परिवार के सूने घर से लाखों की संपत्ति चोरी होने का मामला सामने आया है। फरियादी ने पुलिस से चोरों को पकडऩे और चोरी हुई संपत्ति वापिस दिलाने की गुहार लगाई है।सिंचाई कॉलोनी निवासी अमित कुमार शर्मा ने बताया कि वह कपड़े का व्यापार करते हैं। पिछले दिनों वह अपने पैत्रिक ग्राम बम्हौरी गए हुए थे तभी रात के वक्त अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी सहित करीब 10 लाख की संपत्ति चोरी कर ली। सुबह पड़ोसी ने अमित को फोन पर चोरी की सूचना दी जिसके बाद अमित वापिस लौटे और घर का मुआयना करने के बाद सिविल लाइन थाना में शिकायत दर्ज कराई। अमित का कहना है कि उसे कुछ लोगों पर संदेह है जिनकी जानकारी सिविल लाइन पुलिस को दी है लेकिन अभी तक पुलिस ने संदेहियों से पूछताछ नहीं की। अमित की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध बीएनएस की धारा 331(4), 305 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।







