
छतरपुर। जिला मुख्यालय के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सागर-कानपुर हाईवे पर एक शराबी कार चालक ने बाईक से जा रहे युवक को टक्कर मार दी और इसके बाद कार छोड़कर मौके से भाग गया। घायल युवक को जिला अस्पताल लाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।प्राप्त जानकारी के मुताबिक देरी गांव का रहने वाला 20 वर्षीय अमन पुत्र अजुद्दी कुशवाहा छतरपुर के एक मैरिज हॉल की देखरेख करता था। बीते रोज वह बाईक से ग्राम अनगौर अपने मामा के घर जा रहा था तभी शिव ढाबा के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही नैनो कार क्रमांक यूपी 26 एएच 1311 के चालक ने उसे टक्कर मार दी। दुर्घटना में अमन बुरी तरह घायल हो गया था, जिसे स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। घायल अमन ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हरि वाटिका मैरिज हाउस के संचालक आशीष पटेल ने बताया कि कार चालक शराब के नशे में धुत्त था और उसने गलत साईड पर आकर अमन की बाईक को टक्कर मारी है। घटना के बाद वह कार छोड़कर मौके से भाग गया था। सिविल लाइन थाना प्रभारी बल्मीकि चौबे ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया है, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जप्त कर फरार कार चालक की तलाश की जा रही है।






