
छतरपुर। झांसी-खजुराहो फोरलेन निर्माण के दौरान अधिग्रहीत की गई किसानों की सिंचित जमीन का कुछ लोगों को आज तक मुआवजा नहीं मिला है, जिस कारण से वे परेशान हैं। ताजा मामला जिले के नौगांव तहसील क्षेत्र के ग्राम नैगुवां से सामने आया है, जहां के कुछ किसानों ने मंगलवार को जनसुनवाई में आवेदन देकर मुआवजा दिलाने की मांग की है।नैगुवां निवासी अनंतराम अहिरवार ने बताया कि झांसी-खजुराहो फोरलेन निर्माण के दौरान उनकी सिंचित जमीन, कुंआ, बगीचे आदि का अधिग्रहण किया गया था लेकिन उन्हें आज तक मुआवजा नहीं मिल सका है। मुआवजे के लिए वे कई बार नौगांव तहसीलदार सहित अन्य अधिकारियों को आवेदन देकर मांग कर चुके हैं लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। नैगुवां की ही रहने वाली लाड़कुंवर ने बताया कि उसके पति का निधन हो चुका है, घर में कमाने वाला कोई नहीं है। जमीन का मुआवजा न मिलने से उसकी आर्थिक स्थिति खराब है। कई बार अधिकारियों को आवेदन दिए लेकिन मुआवजा नहीं मिला।









