
खजुराहो। केन-बेतवा नदी लिंक परियोजना का भूमिपूजन करने 25 दिसंबर को खजुराहो आ रहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा एक विशाल आमसभा को संबोधित किया जाना है, जिसकी तैयारियां चरम पर हैं। खजुराहो के मेला मैदान पर आमसभा के लिए बड़े-बड़े डोम पंडाल लगाए जा रहे हैं। जिन स्थानों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को गुजरना है, वहां साफ-सफाई के साथ रंगाई-पुताई, रंगोली, चित्रकारी का काम चल रहा है। एक अनुमान के मुताबिक आमसभा में लगभग 2 लाख लोगों को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए 5 हजार बसों की व्यवस्था है। मेला मैदान के पीछे स्थित मार्केट के दुकानदारों, घर मालिकों की जानकारी जुटाई जा रही तथा उनके दस्तावेज भी पुलिस ले रही है। गौरतलब है कि मैदान के चारों तरफ लगभग 100 से ज्यादा घर और दुकानें हैं, जिसके चलते आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था चुनौती रहेगी। 25 दिसंबर को वाहनों के पार्किंग को लेकर तैयारी कर ली गई हैं, साथ ही ट्रैफिक का रूट चार्ट भी तैयार किया जा रहा है। उक्त आयोजन से पहले बीते रोज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी कार्यक्रम स्थल का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे, वहीं तमाम अधिकारी-कर्मचारी यहां डेरा जमाए हुए हैं।विधायक ने सरपंच-सचिव और आंगनवाड़ी कर्मचारियों के साथ की बैठकराजनगर विधायक अरविंद पटैरिया ने शनिवार को खजुराहो स्थित मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग के फैसिलिटी सेंटर परिसर के सभागार में राजनगर जनपद क्षेत्र के सभी सरपंच-सचिव, रोजगार सहायकों तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के साथ बैठक कर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए दायित्व सौंपे। बैठक में राजनगर जनपद सीईओ राकेश कुमार शुक्ला, जनपद उपाध्यक्ष पुष्पेन्द्र अवस्थी, डॉ. यशवंत बमौरिया सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल हुए।









