Home डेली न्यूज़ मातृ शक्ति संगठन का सामूहिक विवाह सम्मेलन -सात वचन… सात भांवरें…सात जन्मों...

मातृ शक्ति संगठन का सामूहिक विवाह सम्मेलन -सात वचन… सात भांवरें…सात जन्मों का साथ, पांच कन्याओं के पीले हुए हाथ

52
0
Jeevan Ayurveda

टीकमगढ़। प्रदीप खरे।सात वचनों को निभाने एक ही पंडाल में पांच कन्याओं ने सात भांवरे लीं। मंगलगीतों के बीच हुई शादियों के दौरान नारी शक्ति संगठन की महिलाएं कई अवसरों पर भावुक होती नजर आई। पांच कन्याओं का विवाह संपन्न कराकर महिलाओं ने उन्हें नम आंखों से विदा किया। विदाई के अवसर पर मौजूद महिलाओं एवं नागरिकों ने एक परिवार की कन्याओं की भांति उन्हें यथाशक्ति भेंट और उपहार दिए। स्थानीय नजरबाग मैदान की रोनक आज सामूहिक विवाहोत्सव के चलते और भी अधिक बनी रही। यहां लोगों की अच्छी खासी चहल-पहल बनी रही। बताया गया है कि मातृ शक्ति संगठन टीकमगढ़ द्वारा पांच कन्याओं के हाथ पीले किए गए। विवाह पंचमी के अवसर पर हुए सामूहिक कन्या विवाहोत्सव की संगठन द्वारा जोरदार तैयारियां की गई। मंच की साज सज्जा देखते ही बन रही थी। नजरबाग मंदिर परिसर में आकर्षक पंडाल सजाए गए। पांच मंडप बनाए गए, जिनमें कन्याओं के विवाह हिन्दू रीति रिवाज के साथ सम्पन्न हुए। बारात स्थानीय मानस मंच से चलकर नजरबाग मंदिर परिसर पहुंची। बारात को व्यवस्थित लाने में पुलिस प्रशासन का सहयोग सराहनीय रहा। रास्ते में संगठन की महिलाओं ने भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बैंडबाजों एवं बग्गी सहित घोड़ आदि बारात की रोनक में चार चांद लगा रहे थे। जहां मुख्य द्वारा पर टीका किया गया। बारात में महिलाएं और पुरूष थिरकते नजर आए। संगठन द्वारा वर एवं कन्या पक्ष के ठहरने एवं उनके भोजनादि की उत्तम व्यवस्था की गई थी। मातृ शक्ति संगठन ने यह भव्य आयोजन शासन के बिना किसी सहयोग के ही पूरा किया, जिसकी उपस्थित जनसमुदाय ने प्रशंसा की। संगठन की अध्यक्ष श्रद्धा चौहान सहित सीमा पटैल, रश्मि शुक्ला आदि सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया। अध्यक्ष श्रीमती श्रद्धा चौहान ने इस अवसर संगठन के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि संगठन अब तक जिले में अनेक बुजुर्गों की मदद करता आ रहा है। इसके साथ ही कई बुजुर्गों को उनके परिवार से मिलाने में भी सफलता हासिल की है। संगठन द्वारा बेसहारा बच्चों एवं बुजुर्गों की मदद की जाती रही है। महिला संगठन द्वारा मुक्ति धाम पहुंचकर अब तक कई अनाथ लोगों के अंतिम संस्कार तक किए गए है। इस अवसर पर अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए नारी शक्ति संगठन द्वारा किए गए आयोजन की भरपूर प्रशंसा की। कार्यक्रम का संचालन करते हुए मीनू गुप्ता ने कार्यक्रम की सफलता में चार चांद लगा दिए। बेहतर संचालन और रोचक प्रस्तुति की मौजूद लोगों ने सराहना की। कार्यक्रम में आए कन्या और वर पक्ष के सभी सदस्यों ने व्यवस्थाओं को सराहा और संगठन का आभार व्यक्त किया। मंच संचालक मीनू गुप्ता ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
समाजसेवी एवं संस्थाएं हुई सम्मानित-
इस अवसर पर मानवीय संवेदना समिति, आसरा फाउंडेशन, बी-क्लब, सहित अनेक समाजसेवी संस्थाओं एवं समाजसेवियों का सम्मान किया गया। सम्मानित होने वाले सदस्यों में अनुराग वर्मा, अभिषेक खरे रानू, विवेक चतुर्वेदी, मनीराम कठैल, देवेन्द्र योगी, राम चरण अहिरवार, विनय प्रताप सिंह, पत्रकार सौरभ खरे, श्री विश्वकर्मा सहित अनेक समाजसेवियों के नाम शामिल रहे।
यह रहे मौजूद-
सामूहिक विवाह कार्यक्रम के दौरान अतिथियों में अनुराग वर्मा, विवेक चतुर्वेदी, अभिषेक खरे रानू, सूर्य प्रकाश मिश्रा, विभा खरे, मीरा खरे, जिनेन्द्र घुुवारा, राजकुमार यादव गिन्नी, राजेन्द्र विदुआ, सुरेश दौंदेरिया सहित अनेक अतिथि मौजूद रहे, जिनका संगठन द्वारा सम्मान किया गया। इस अवसर पर संगठन की अध्यक्ष श्रद्धा चौहान, रश्मि शुक्ला, मधु मिश्रा, शिवांगी पाठक, मीनू गुप्ता, जय सिंह, सीमा पटैल, हर्षित तिवारी, संध्या सोनी, स्वाति सिंह, नीरज द्विवेदी, किरण अवस्थी सहित संगठन की अनेक सदस्य मौजूद रहीं।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here