
शिकायत होने के बाद अधिकारियों ने निर्धारित दर पर बिकवाई
हरपालपुर। नगर के खाद व्यापारियों द्वारा किसानों को एनपीके खाद 300 से 400 तथा डीएपी 900 रुपए के अधिक दाम पर खाद बेची जा रही थी। जब यह शिकायत कृषि विभाग के अधिकारियों को मिली तो अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निर्धारित दर से खाद का विक्रय कराया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक राजपूत कॉलोनी में स्थित अशोक गुप्ता के गोदाम पर एनपीके की बोरी 1700 रुपए में बेची जा रही थी, जबकि इसकी कीमत 1250 रुपए है। अमा निवासी किसान ने बताया कि उसने दो बोरी एनपीके खाद 3400 रुपए में खरीदी है। जब यह शिकायत कृषि विभाग के सुरेंद्र अग्रवाल को मिली तो उन्होंने तुरंत गोदाम पर पहुंच कर पहले स्टॉक की जांच की और इसके बाद दस्तावेजों के आधार पर किसानों को निर्धारित 1250 रुपए की दर से खाद उपलब्ध कराया। साथ ही खाद डीलर को सख्त लहजे में समझाइश दी कि किसानों की महंगे दामों पर खाद न बेचें।
कृषि विभाग की लापरवाही से किसानों को ठग रहे खाद व्यापारी
किसानों के मुताबिक कृषि विभाग के अधिकारी सही ढंग से मॉनिटरिंग नहीं करते, जिस कारण से व्यापारियों के हौसले बुलंद हैं। किसान कृषि अधिकारी को फोन लगाते हैं तो अधिकारी दफ्तर में बैठकर ही शिकायतकर्ता से सबूत मांगते हैं। किसानों के मुताबिक हरपालपुर में पांच दुकानदार खाद-बीज का विक्रय करते हैं। लाइसेंसी खाद व्यापारी आसपास के ग्रामीण इलाकों में खाद का स्टॉक रखे हुए हैं, 1350 रुपए वाली डीएपी खाद को 2200 रुपयों में बेच रहे हैं। बीते रोज चिरवारी गांव में एसडीएम विशा मघवानी द्वारा डीएपी स्टॉक पकड़ा भी गया था।






