
कलेक्टर ने भू-अर्जन के लंबित प्रकरणों के तत्काल निराकरण के निर्देश
छतरपुर। कलेक्टर पार्थ जैसवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला स्तरीय जनसुनवाई सम्पन्न हुई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ तपस्या परिहार, डिप्टी कलेक्टर जी.एस. पटेल सहित जिले के अधिकारी उपस्थित रहे एवं व्हीसी के माध्यम से जिले के एसडीएम एवं तहसीलदार जुड़े रहे। जनसुनवाई में प्राप्त 110 शिकायती आवेदनों का परीक्षण करते हुये संबंधित विभाग को आवेदन निराकरण करने के लिए निर्देशित किया गया। कलेक्टर ने ग्राम बछरावनी के संबंधित हितग्राहियों को बानसुजारा बांध अंतर्गत भू-अर्जन के लंबित प्रकरण का निराकरण करते हुए राशि के भुगतान के निर्देश दिए। जनसुनवाई में शिक्षा, राजस्व, पुलिस, नगरीय निकाय, ग्रामीण विकास, विद्युत मण्डल, स्वास्थ्य, खाद्य, आदिम जाति, श्रम, सामाजिक न्याय, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न शिकायती आवेदन प्राप्त हुए।









