
कूदने से पहले सड़क पर तमाशा कर रहा था शराब के नशे में धुत युवक
छतरपुर। पन्ना और छतरपुर की जिले की सीमा पर मौजूद केन नदी के पुल पर सोमवार को एक शराबी युवक ने करीब आधा घंटे तक तमाशा किया जिससे आवागमन बाधित हो गया था और इसके बाद शराबी युवक ने पुल की रैलिंग पर चढ़कर नदी में छलांग लगा दी। जैसे ही दोनों जिले के सीमावर्ती थानों की पुलिस को घटना की जानकारी मिली वैसे ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और संयुक्त रूप से युवक की तलाश शुरु की गई।
प्रत्यक्षदर्शी लोगों ने बताया कि सोमवार की दोपहर के वक्त अज्ञात शराबी युवक केन नदी के पुल पर पहुंचा और तमाशा करने लगा। उसके द्वारा कई वाहनों को रोका गया और दोपहिया वाहनों से जा रहे लोगों को परेशान किया गया। करीब आधा घंटे तक तमाशा करने के बाद अचानक शराबी युवक पुल की रैलिंग पर चढ़ा और नदी में छलांग लगा दी। जैसे ही युवक नदी में कूदा, वैसे ही मौके पर मौजूद लोगों ने छतरपुर जिले के बमीठा थाना और पन्ना जिले के मड़ला थाना की पुलिस को सूचना दी। वहीं कुछ लोगों नदी के प्रवाह के साथ बह रहे युवक का वीडियो भी बना लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरु किया लेकिन देर शाम तक युवक का कुछ पता नहीं चल सका।






