
छतरपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र की विश्वनाथ कॉलोनी में रहने वाले पाठक परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में तब्दील हो गईं जब परिवार के एक युवक ने अज्ञात कारणों के चलते रक्षाबंधन के दिन फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया गया है कि जब युवक ने आत्मघाती कदम उठाया तब उसकी बहन राखी बांधने के लिए बाहर के कमरे में बैठी हुई थी।प्राप्त जानकारी के मुताबिक विश्वनाथ कॉलोनी निवासी सुरेश चंद पाठक की पत्नी अपने भाईयों को राखी बांधने के लिए मायके गई हुई थी, जबकि उसकी बेटी अपने 26 वर्षीय भाई राजाराम को राखी बांधने के लिए घर पर आई थी। बहन, आरती की थाली सजाकर राखी बांधने की तैयारी कर रही थी तभी राजाराम ने घर के अंदर वाले कमरे में जाकर फांसी लगा ली। कुछ देर तक जब वह बाहर नहीं निकला तो बहन कमरे में पहुंची जहां राजाराम फंदे पर लटका मिला। बहन द्वारा शोर मचाए जाने पर परिवार के अन्य लोग एकत्रित हुए और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पंचनामा कार्रवाई की और इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया गया। मर्ग कायम कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। राजाराम ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया इस बारे में परिजनों को कोई जानकारी नहीं है।








