
शहरवासियों ने बीच बाजार में कराया गधे की जोड़ी का विवाह
छतरपुर। पूरे प्रदेश की तुलना में अब तक छतरपुर जिले में कम बारिश हुई है, जिसके चलते छतरपुर शहर में रविवार की सुबह समाजसेवियों द्वारा एक अनूठा आयोजन किया गया। दरअसल समाजसेवियों ने शहर के चौक बाजार में रविवार को गधे की जोड़ी का विवाह कराया है। आपको बता दें कि बुंदेलखंड में ऐसी मान्यता है कि गधों का व्याह करने से अच्छी बारिश होती है। चूंकि अभी तक छतरपुर में बारिश का आंकड़ा कमजोर है, इसलिए समाजसेवियों ने यह टोटका किया।
बताया गया है कि समाजसेवियों ने सर्वप्रथम शहर की गोवर्धन टॉकीज से चौक बाजार तक गाजे-बाजे के साथ गधे की बारात निकाली, जिसमें कुछ लोग नाचते हुए नजर आए। इसके बाद चौक बाजार में गधों की जोड़ी को फूलों की माला पहनाने के बाद मिष्ठान खिलाकर सांकेतिक विवाह कराया गया। खास बात यह रही की इस अनूठे आयोजन में न केवल हिन्दू बल्कि मुस्लिम, ईसाई और सिक्ख समाज के लोग भी शामिल रहे। इस मौके पर व्यापारी नेता लालू लालवानी, समाजसेवी राजेन्द्र अग्रवाल, कांग्रेस नेता अनीश खान, भाजपा नेता बिट्टू चौरसिया, गुल्ले सरदार, वरिष्ठ पत्रकार हरीप्रकाश अग्रवाल, पप्पू गंधी सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी एवं शहरवासी मौजूद रहे।







