
छतरपुर। शहर में हो रही चोरियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पूर्व में हुई चोरियों का अभी खुलासा भी नहीं हुआ था कि अज्ञात चोरों ने एक बार फिर वारदात को अंजाम दे डाला। प्राप्त जानकारी के मुताबिक छतरपुर गोल्डन ट्रांसपोर्ट कंपनी के संचालक तथा टीकमगढ़ सांसद के प्रतिनिधि संजू बरसैंया के दो ट्रक टीएस 08 यूबी 8030 और टीएस 08 यूबी 8031 कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत फूलादेवी मंदिर के समीप मौजूद उनके प्लॉट पर रखे हुए थे। बीती रात अज्ञात चोरों ने दोनों ट्रकों के तीन टायर रिम सहित चोरी कर लिए। संजू बरसैंया के मुताबिक चोरी हुए रिम और टायरों की कीमत करीब 48 हजार रुपए है। सुबह जब उन्हें चोरी की जानकारी मिली तब उनके द्वारा कोतवाली थाना में शिकायत की गई। पुलिस ने शिकायत लेकर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।









