
केन्द्रीय मंत्री ने किया सर्व समाज के प्रतिनिधियों का सम्मान
छतरपुर। टीकमगढ़-छतरपुर संसदीय सीट से लोकसभा चुनाव में विजयी होकर केन्द्र सरकार में मंत्री बनने के बाद सांसद डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने सभी समाजों के प्रतिनिधियों का सम्मान करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला मुख्यालय के एक निजी होटल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सर्वसमाज के प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने उन्हें मंच से सम्मानित किया, साथ ही उपस्थित लोगों के ऊपर अपने हाथों से उन्होंने पुष्पवर्षा भी की।कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि लोकसभा चुनाव में सभी समाजों से उन्हें भरपूर स्नेह और आशीर्वाद मिला, जिसके लिए मैं सदैव आपका ऋणी रहूंगा। उन्होंने कहा कि राजनीति में नेता की हर जीत का श्रेय जनता को मिलना चाहिए, इसी मंशा के साथ आज इस सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है। डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि समाज में यह धारणा है कि नेता सिर्फ चुनाव के समय ही जनता को याद करते हैं लेकिन मैं उन जनप्रतिनिधियों की तरह नहीं हूं, मैं अपने पूरे कार्यकाल में जनता को याद करता हूं। जिनसे मैं चुनाव के दौरान मिला, उनसे मैं लगातार संपर्क में रहूंगा और हर समाज की समस्याओं का समाधान कराना मेरा दायित्व रहेगा। जिस जनता ने मुझे लगातार आठवीं बार आशीर्वाद दिया है उस जनता के लिए मैं सदैव उपलब्ध हूं। सर्वसमाज के प्रतिनिधियों का सम्मान करने के बाद डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि अपने लोगों से मिलने के बाद मुझे आत्मीय प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है। इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह, उपेन्द्र प्रताप सिंह लकी सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।







