
बारिश न होने से किसान चिंतित, बिजली कटौती ने बढ़ाई परेशानी
हरपालपुर। पिछले दो-तीन दिनों से बारिश न होने के कारण एक ओर लोग उमस भरी गर्मी से बेहाल हैं, तो वहीं दूसरी ओर किसानों के माथे पर भी चिंता की लकीरें दिख रही हैं। इसके साथ-साथ विद्युत विभाग द्वारा की जा रही अघोषित कटौती ने लोगों की परेशानी को और अधिक बढ़ा दिया है। उल्लेखनीय है कि तीन दिनों से इलाके में बारिश नहीं हुई है और आसमान खुला होने के कारण तेज धूप निकल रही है, जिससे वातावरण में भारी उमस है। हालांकि मंगलवार को हल्की बूंदाबांदी हुई थी लेकिन इससे मौसम पर कोई असर नहीं हुआ।प्राप्त जानकारी के मुताबिक उमस भरी गर्मी की चपेट में आकर लोग मौसमी बीमारियों का शिकार हो रहे है। बुखार, सर्दी-जुकाम, पेट दर्द, यूटीआई जैसी समस्याओं से ग्रसित मरीज बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच रहे हैं। लोगों के बीमार होने का एक कारण विद्युत विभाग द्वारा की जा रही अघोषित कटौती भी है क्योंकि बिजली न रहने के कारण पंखे-कूलर आदि नहीं चल पाते और लोगों को लंबे समय तक गर्मी में रहना पड़ता है। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. योगेंद्र कुमार दीक्षित ने बताया कि उमस भरी गर्मी के कारण लोग बीमार हो रहे हैं। चूंकि अब शादी-विवाह का सीजन शुरु हो गया है, इसलिए डॉक्टर दीक्षित ने लोगों को खान-पान का ध्यान रखने की सलाह दी है। किसानों की बात करें तो बारिश न होने के कारण धान रोपाई का कार्य प्रभावित हुआ है। जुलाई माह की शुरुआत में हुई बारिश के बाद क्षेत्र के किसानों ने बुवाई कर दी थी लेकिन अब बारिश नहीं हो रही है, जिससे किसानों को बीच के सूखने की चिंता सता रही है। हालांकि मौसम विभाग ने भी लोगों को राहत वाली जानकारी दी है। विभाग का कहना है कि जल्द ही पूरे क्षेत्र में तेज बारिश होगी।









