
प्रशासन ने घटना के बाद किया था 4 लाख देने का ऐलान
छतरपुर। बक्स्वाहा थाना क्षेत्र के ग्राम जुझारपुरा निवासी लक्ष्मन सिंह लोधी ने मंगलवार को जनसुनवाई में आवेदन देते हुए सड़क दुर्घटना के मृतकों के लिए शासन द्वारा उद्घोषित की गई आर्थिक सहायता राशि दिलाने की गुहार लगाई है। लक्ष्मन सिंह ने बताया कि उसकी पुत्री दिव्यांशी 29 जनवरी 2024 को ट्रैक्टर पर सवार होकर जुझारपुरा से जटाशंकर जा रही थी। इसी दौरान बाजना घाटी के पास ट्रैक्टर पलट गया और दिव्यांशी घायल हो गई। लंबे समय तक इलाज के बाद आखिरकार उसने दम तोड़ दिया। लक्ष्मन सिंह ने बताया कि घटना को संज्ञान में लेकर प्रशासन द्वारा मृतकों को 4-4 लाख रुपए देने की घोषणा की गई थी लेकिन उसे आज तक उक्त राशि प्राप्त नहीं हुई है। लक्ष्मन सिंह के मुताबिक उसने कई बार बक्स्वाहा तहसीलदार और एसडीएम को आवेदन दिए लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।







