
गर्दन पर मारी कुल्हाड़ी, घायल का इलाज जारी
छतरपुर। नौगांव थाना अंतर्गत आने वाली लुगासी चौकी क्षेत्र में एक युवक के ऊपर उसके राजनीतिक प्रतिद्वंदी द्वारा कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किए जाने की घटना सामने आई है। घायल युवक के मुताबिक आरोपी ने उसकी गर्दन पर कुल्हाड़ी से प्रहार किया है। घटना की रिपोर्ट नौगांव थाना में की गई है, वहीं घायल की हालत गंभीर होने के कारण उसे नौगांव से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।घायल सुदामा पाठक निवासी ग्राम खुर्दा ने बताया कि वह लकड़ी का व्यापार करता है। शनिवार को पास के गांव सलैया लकड़ी देखने के लिए गया था। यहां से वापिस लौटते वक्त वह सड़क किनारे खड़े होकर फोन पर किसी से बात कर रहा था तभी गांव के खेमचंद्र पाठक ने पीछे से उसकी गर्दन पर कुल्हाड़ी से प्रहार कर दिया और भाग गया। कुल्हाड़ी लगने के बाद सुदामा बेहोश हो गया था, उसके साथी ने परिजनों को सूचना दी और घायल को लुगासी चौकी ले जाया गया। घायल के मुताबिक लुगासी चौकी पुलिस ने उससे नौगांव थाना जाकर रिपोर्ट करने के लिए कहा, जिसके बाद वह परिजनों के साथ घायल अवस्था में नौगांव थाना गया। पुलिस ने शिकायत लेकर उसे नौगांव के अस्पताल भेजा जहां प्राथमिक उपचार किए जाने के बाद हालत गंभीर होने के चलते उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सुदामा ने बताया कि आरोपी उसका राजनीतिक प्रतिद्वंदी है। पूर्व में दोनों ने सरपंची का चुनाव लड़ा था, जिसमें उसे बुरी तरह से हार का सामना करना पड़ा था, तभी से आरोपी रंजिश रखता है।









