
पुलिस अधीक्षक के पास न्याय की गुहार लगाने पहुंचा पीडि़त युवक
छतरपुर। गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम बारी निवासी एक युवक ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायती आवेदन देते हुए बताया कि गांव के आश्रम और उसकी जमीन पर कब्जा करने की नियत से गांव के कुछ दबंगों ने उसका सामाजिक बहिष्कार करवा दिया है, जिस कारण से लोग उसे सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल नहीं कर रहे हैं। पीडि़त युवक ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई है।
बारी निवासी वीरेन्द्र कुशवाहा ने बताया कि गांव के दबंग करन सिंह, अरविंद सिंह, बल्दू कुशवाहा, सरमन पटेल, राजकुमार पटेल, विष्णु नारायण शुक्ला और सहित कुछ अन्य लोग गांव में स्थित श्री राम लला आश्रम और उसकी जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। चूंकि आश्रम की देखरेख वीरेन्द्र करता है जिसके चलते दबंग उससे रंजिश मानते हैं और इसी के चलते उक्त लोगों द्वारा वर्ष 2023 में उसका सामाजिक बहिष्कार करवा दिया गया था। सामाजिक बहिष्कार होने के कारण वीरेन्द्र अपने पारिवारिक और गांव के सामाजिक कार्यक्रमों में भाग नहीं ले पा रहा है। यहां तक कि गत 18 अप्रैल को वीरेन्द्र अपनी चचेरी बहन की शादी में भी शामिल नहीं हो सका। वीरेन्द्र जीवन यापन के लिए गांव में सब्जी बेचने का कार्य करता है किंतु दबंग उसे गांव में यह कार्य भी नहीं करने दे रहे हैं। पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर वीरेन्द्र ने न्याय दिलाने की मांग की है।






