
वृंदावन से आए कारीगरों ने मंदिर में बनाया फूल बंगला
बक्स्वाहा। संतों की सिद्ध भूमि बुन्देलखण्ड के वृंदावन धाम कहे जाने वाले पड़रिया धाम में स्थित बांके बिहारी मंदिर प्रांगण में महंत पूज्य श्री किशोरदास महाराज का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर देश के कोने-कोने से आए महाराजश्री के शिष्यों ने आशीर्वाद लिया। वृंदावन धाम से पधारे कलाकारों ने मनमोहक फूल बंगला सजाया।सागर जिले के ग्राम खटौरा में 1967 की तृतीया को जन्मे पूज्य संत किशोरदास देव महाराज ने 15 वर्ष की उम्र में सन्यास धारण किया था। वृंदावन की श्रीहरिदास परंपरा को आगे बढ़ाने वाले महाराजश्री के देश भर में लाखों अनुयायी हैं। आज जन्मोत्सव के पावन अवसर पर लोगों ने पड़रिया धाम पहुंचकर उनका आशीर्वाद लिया। सुबह 4 बजे ब्रह्म मुहूर्त में फूल बंगला महोत्सव की शुरूआत हुई। सुबह 6 बजे महाराजश्री का अभिषेक हुआ, गौमाता के पूजन के बाद महाराजश्री ठाकुर जी की सेवा में पहुंचे जहां मंगला आरती हुई। इसके बाद शिष्यगणों का आशीर्वाद लेने का सिलसिला शुरू हो गया। बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री जी ने नरसिंहपुर से दूरभाष से महाराजश्री को जन्मोत्सव की बधाई देते हुए उन्हें नमन किया। इस अवसर पर महंत राम अनुग्रह छोटे सरकार अजबधाम फतेहपुर अभिराम दास महाराज, बिहारीदास महाराज, श्यामदास महाराज, जुगलदास महाराज, मनोहरदास महाराज, प्रियादास महाराज, पुरूषोत्तमदास महाराज, राधिकादास महाराज, घनश्याम दास महाराज, गोपीदास महाराज, रमनदास महाराज सहित बड़ी संख्या में शिष्यगण उपस्थित रहे। वहीं बिजावर विधायक राजेश शुक्ला बबलू, एसवीएन विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अनिल तिवारी, पूर्व विधायक रेखा यादव, राजस्थान के पूर्व विधायक विकास सोनी सहित अन्य राजनेताओं ने भी महाराजश्री का आशीर्वाद लिया।मंत्रमुग्ध करने वाले भजनों ने समां बांधामहाराजश्री के जन्मोत्सव के अवसर पर गीत-संगीत का कार्यक्रम भी रखा गया। छतरपुर से पड़रिया धाम पहुंचे जाने-माने गायक खनिजदेव चौहान ने एक से बढ़कर एक गीत सुनाए। इसके अलावा सचिन खरे, राजन पायक ने भी अपनी सुरीली और मंत्रमुग्ध करने वाली आवाज में भजनों की प्रस्तुति दी। यहां उपस्थित हजारों लोग भजनों को सुनकर झूमने को मजबूर हो गए। महोत्सव में विशाल भण्डारे का आयोजन भी किया गया।









