Home डेली न्यूज़ पेप्टेक प्रोफेशनल लीग डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का डीआईजी ने किया शुभारंभ

पेप्टेक प्रोफेशनल लीग डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का डीआईजी ने किया शुभारंभ

53
0
Jeevan Ayurveda

रेवेन्यु टाइटन और श्रीकृष्णा विश्वविद्यालय ने जीते उद्घाटन मैच
छतरपुर। शहर के नौगांव रोड पर स्थित पेप्टेक टाउन में शनिवार को पेप्टेक प्रोफेशनल लीग का भव्य आगाज हुआ। टूर्नामेंट का शुभारंभ डीआईजी ललित शाक्यवार ने किया। श्री शाक्यवार ने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही उन्होंने कुछ देर तक पिच पर हाथ भी आजमाए। पेप्टेक गु्रप के डायरेक्टर नीरज चौरसिया के मार्गदर्शन में आयोजित किए जा रहे इस अनूठे आयोजन की पहली शाम काफी रंगारंग रही। गु्रप की ओर से डायरेक्टर विनय चौरसिया ने अतिथियों और खेल प्रेमियों का स्वागत किया।  
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे डीआईजी ललित शाक्यवार ने टूर्नामेंट के उद्घाटन के दौरान खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि व्यस्ततम समय से अपने शौक के लिए थोड़ा समय निकालना आवश्यक है, इससे जिंदगी में स्फूर्ति बनी रहती है और हम अपने आप को जवान महसूस करते हैं। उन्होंने पेप्टेक ग्रुप के इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि पेप्टेक ग्रुप के आयोजन करने का तरीका अपने आप में अनूठा और सम्पूर्ण होता है। जिस तरह से इस मैदान पर व्यवस्थाएं की गईं हैं, वे किसी भी बड़े टूर्नामेंट का अहसास करातीं हैं और इसमें खेलने वालों को भी नया अनुभव मिलता है। गौरतलब है कि इस टूर्नामेंट में पुलिस की टीम भी हिस्सा ले रही है।
वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए है यह अनूठा आयोजन
उल्लेखनीय है कि पेप्टेक ग्रुप ने अपने सामाजिक सरोकारों के तारतम्य में 30 वर्ष से ऊपर की उम्र वाले वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए इस अनूठे आयोजन की शुरुआत की है। शाम के समय बड़े शहरों की तर्ज फ्लड लाइट की दूधिया रोशनी में क्रिकेट का आनंद लेने के लिए आठ टीमों ने अपना रजिस्ट्रेशन करवाया है। टूर्नामेंट को देखने के लिए भी बड़ी संख्या में दर्शक खूबसूरत मैदान पर पहुंच रहे हैं।
शुभारंभ समारोह के दौरान मंच पर डीआईजी ललित शाक्यवार के अलावा, ओरछा रोड थाना प्रभारी टीआई पुष्पेन्द्र यादव, श्री कृष्णा यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति डॉ. बृजेंद्र गौतम, सुशील वैद्य, भाजपा नेता दीपेंद्र सिंह बुंदेला, रणछोर चौरसिया, कांग्रेस नेता शिव सिंह यादव, डीसीसीए के सचिव राजीव बिल्थरे, अभिषेक मिश्रा, राजेश वर्मा, नितिन मिश्रा, संजू खरे, हरनारायण यादव सहित सैकड़ों खेलप्रेमी मौजूद रहे। कमेंट्री की जिम्मेदारी जुनैद खान, धीरज चौबे और आयुष शुक्ला ने संभाली। तो वहीं टूर्नामेंट को घर-घर तक पहुंचाने के लिए लाइव टीम में अतुल राय, पंकज यादव और राज मौजूद रहे। स्कोरिंग और अन्य व्यवस्थाओं में सुनील चौरसिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पहले दिन हुए दो रोमांचक मुकाबले
टूर्नामेंट के पहले दिन मैदान पर दो रोमांचक मुकाबले हुए। पहला मैच रिवेन्यु टाईटन और आईटी मार्को के बीच हुआ, जबकि दूसरा मैच केसीसी वॉरियर और श्री कृष्णा युनिवर्सिटी के बीच खेला गया। पहले मैच में आईटी मार्को ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी रिवेन्यु टाईटन की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 111 रनों का लक्ष्य खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आईटी मार्को की टीम 104 रन ही बना सकी और इस तरह से पहला मुकाबला रिवेन्यु टाईटन ने 7 रनों से अपने नाम कर लिया। इस मुकाबले में मैन ऑफ द मैच रिवेन्यु टाईटन के विकास रहे जिन्होंने बॉलिंग करते हुए 27 रन देकर 3 विकेट झटके, साथ ही बल्लेबाजी में 8 गेंद खेलकर 11 रनों का योगदान दिया।
इसी तरह दूसरे मैच में श्री कृष्णा युनिवर्सिटी ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। श्री कृष्णा युनिवर्सिटी ने निर्धारित 10 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 97 रनों का लक्ष्य खड़ा किया था। शुरुआत में विपक्षी टीम केसीसी वॉरियर को यह स्कोर काफी कम लग रहा था लेकिन श्री कृष्णा युनिवर्सिटी के बॉलिंग अटैक के सामने केसीसी वॉरियर ने घुटने टेक दिए। केसीसी टीम 10 ओवरों में 6 विकेट गंवाकर मात्र 69 रन ही बना सकी और इस तरह से श्री कृष्णा युनिवर्सिटी ने इस मुकाबले को 28 रनों से अपने नाम कर लिया। दूसरे मुकाबले के मैन ऑफ द मैच श्री कृष्णा युनिवर्सिटी के गौरव रहे, जिन्होंने अपनी 11 गेंदों की आतिशी पारी में 6 चौके और 1 छक्का लगाकर 34 रन बनाए, साथ ही बॉलिंग में 8 रन देकर 1 विकेट भी झटका।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here