
छतरपुर। मधुकर राष्ट्र उत्कर्ष समिति द्वारा 14 अप्रैल सन 1891 को जन्मे भारत रत्न संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर जी की जयंती पर व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी छतरपुर में किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में भारत रत्न डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जी के जीवन परिचय पर अपना उद्बोधन दिया। वक्ताओं द्वारा बतलाया गया की किस तरीके से आपने शिक्षा प्राप्त की साथ ही समाज में किन-किन परिस्थितियों का सामना बाबा साहब को करना पड़ा, सर्व समाज के लिए बाबा साहब अंबेडकर द्वारा किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला गया और संविधान को लिखने में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर जी की क्या भूमिका रही इन विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
भालचंद नाथू ने अपने उद्बोधन में कहा की आज समाज में जिस प्रकार से महापुरुषों के विचार पहुंच रहे हैं यह समाज के लिए उपयोगी है। उन्होंने मधुकर रास्ट्रोत्कर्ष समिति की भी प्रशंसा की एवं कहा कि निश्चित रूप से यह समिति सेवा के नित्य कार्य करती आ रही है और इस प्रकार की व्याख्यान माला करने से छात्रों को महापुरुषों की जीवनी के बारे में जो बौद्धिक प्राप्त होता है वह आज के वर्तमान समय में अत्यधिक उपयोगी है।
व्याख्यान कार्यक्रम की अध्यक्षता शिव सहाय राजपूत, अध्यक्ष मधुकर राष्ट्र उत्कर्ष समिति द्वारा की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आईवी नायक सेवानिवृत्त कार्यपालन यंत्री सिंचाई विभाग, मुख्य वक्ता भालचंद नाथू, प्रांत घुमंतू जाति संयोजक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, आशीष ताम्रकार, जिला समन्वयक, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, समाज सेवी अमर सिंह यादव, वंदना तिवारी, मनीष जैन, मूरत सिंह यादव एवं विनोद विश्वकर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन विनोद विश्वकर्मा के द्वारा किया गया एवं कार्यक्रम के अंत में सभी का आभार मूरत सिंह यादव ने व्यक्त किया। उक्त कार्यक्रम में नगर के समाज सेवियो के अलावा गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।








