
समय रहते पाया गया काबू, बड़ी घटना टली
छतरपुर। शहर के वार्ड नंबर 16 की सिंचाई कॉलोनी में गुरूवार की दोपहर अज्ञात कारणों से आग लगने के बाद कॉलोनी में हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई। गनीमत रही कि वार्ड पार्षद की सक्रियता के चलते समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, अन्यथा बड़ा हादसा भी हो सकता था।
वार्ड पार्षद दिनेश तिवारी ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे उन्हें सूचना मिली थी कि सिंचाई कॉलोनी में अज्ञात कारणों से आग लग गई है। सूचना मिलते ही पार्षद श्री तिवारी ने नगर पालिका को सूचना दी, जिसके बाद दमकल मौके पर पहुंच गईं और जल्द ही आग पर काबू पा लिया गया। पार्षद दिनेश तिवारी ने बताया कि कॉलोनी में रखे सिंचाई विभाग के जर्जर वाहनों के टायरों यह आग लगी थी, जिसके बाद पास की झाडिय़ों में फैल गई। उन्होंने बताया कि यदि समय रहते दमकल की मदद से आग पर काबू न पाया जाता तो आग शासकीय बंगलों तक भी पहुंच सकती थी।








