
बमीठा। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संपूर्ण जिले में चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत बीते बमीठा पुलिस ने दो युवकों को अवैध हथियारों के साथ अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। बमीठा थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पक शर्मा ने बताया कि सोमवार की सुबह गश्त के दौरान पुलिस टीम को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा और तलाशी लेने पर उसके पास 315 बोर का देशी कट्टा मिला, जिसमें एक कारतूस भी लोड था। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम रामपाल कुशवाहा पिता महेश कुशवाहा उम्र 20 साल निवासी ग्राम गढ़ा बताया, उसके विरुद्ध धारा 25/27 आम्र्स एक्ट का मामला पंजीबद्ध किया गया है। दूसरे आरोपी को भी पुलिस ने रोड पेट्रोलिंग के दौरान पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भरत साहू पिता मइयादीन साहू उम्र 20 साल निवासी ग्राम पारवा थाना सटई जिला छतरपुर बताया। उसके कब्जे से लोहे का धारदार बका मिला है। आरोपी के विरुद्ध धारा 25 (1) बी के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है।








