
डेढ़ सौ पेड़ काटे, धमकाया, परिवार ने एसपी से की शिकायत
छतरपुर। जिला मुख्यालय से सटे ग्राम चौका में रहने वाले एक अहिरवार परिवार की पैतृक जमीन को हड़पने के लिए गांव के ही एक दबंग परिवार के द्वारा लगातार प्रताडि़त किया जा रहा है। गुरूवार को इस दलित परिवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपते हुए न्याय की गुहार लगाई है। दलित परिवार ने घर की महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के साथ छतरपुर पहुंचकर दबंगों द्वारा दी जा रही प्रताडऩा की कहानी सुनाई।शिकायतकर्ता शंकरलाल अहिरवार ने बताया कि ग्राम चौका में खसरा क्रमांक 622/1 से लेकर 622/5 तक उनकी पैतृक जमीन है। इसी जमीन पर सागर-कानपुर फोरलेन प्रस्तावित है जिसमें लगभग दो एकड़ भूमि अधिग्रहीत की जानी है। गांव के दबंग भगत सिंह और उनके 7 अविवाहित बेटे प्रीतम सिंह, सोनू सिंह, धरम सिंह, अजीत सिंह, शिवम सिंह, रामजी सिंह और अबीर सिंह की नजर उनकी भूमि पर पड़ गई है। इन दबंगों ने जमीन हड़पने के लिए दलित परिवार पर दबाव बनाया। इसी जमीन पर लगे 150 से ज्यादा पेड़ों को जबरन काट लिया, वे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं और कहते हैं कि पूरी जमीन और उसका मुआवजा उन्हें चाहिए है। अहिरवार परिवार को जमीन से डरा-धमकाकर बेदखल करने की कोशिश की जा रही है। मना करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी जाती है। जब इस दलित परिवार ने 7 फरवरी को मातगुवां थाने जाकर मामले की शिकायत की तो यहां पदस्थ एक प्रधान आरक्षक ने भी सादे कागज पर शिकायत लिखकर इस परिवार को चलता कर दिया। इस दलित परिवार के साथ कांग्रेस नेता व वकील अभिलेख खरे ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती ज्ञापन देकर परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।









