
पुलिस अधीक्षक की पहल पर वापिस घर पहुंचा बुजुर्ग
छतरपुर। जिले के बमीठा थाना क्षेत्र में एक युवक ने जायदाद की लालच के चलते अपने बुजुर्ग पिता को घर से निकाल दिया था, जिसके बाद वृद्ध पिता हाईवे के किनारे कड़ाके की ठंड में जीवनयापन कर रहा था। जब यह जानकारी पुलिस अधीक्षक को मिली तो उन्होंने थाना प्रभारी को मामले का संज्ञान लेने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी ने वृद्ध की तलाश करने के बाद उसे थाने ले जाकर भोजन कराया और इसके बाद बेटे को थाने बुलाकर समझाइश देते हुए पिता को साथ रखने के निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि बमीठा में एक युवक ने जायदाद की लालच में अपने 75 वर्षीय पिता को घर से निकाल दिया है, जो कि हाईवे के किनारे रहने को मजबूर हैं। सूचना मिलते ही एसपी ने बमीठा थाना प्रभारी को आवश्यक निर्देश दिए, जिसके बाद थाना प्रभारी वृद्ध को तलाश कर अपने साथ थाने ले गए। बुजुर्ग को भोजन कराने के बाद उसके पुत्र को थाने बुलाया गया और सख्त हिदायत देकर पिता को साथ रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस की समझाइश पर पुत्र अपने पिता को साथ रखने के लिए राजी हो गया और पिता को साथ लेकर घर चला गया। पुलिस अधीक्षक श्री सांघी ने थाना प्रभारी को यह निर्देश भी दिए हैं कि वे समय-समय पर वृद्ध की जानकारी लेते रहें।







