Home डेली न्यूज़ मनकारी गांव में 10-12 लाख की चोरी, पुलिस कार्रवाई न होने पर...

मनकारी गांव में 10-12 लाख की चोरी, पुलिस कार्रवाई न होने पर पीडि़त ने एसपी से लगाई गुहार

14
0
Jeevan Ayurveda


छतरपुर। बड़ामलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम मनकारी में लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरातों की चोरी का मामला सामने आया है। घटना के दो सप्ताह बाद भी पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने से असंतुष्ट पीडि़त ने मंगलवार को छतरपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसपी को आवेदन सौंपा है। पीडि़त ने चोरी का शीघ्र खुलासा करने और चोरी गया सामान बरामद कराने की गुहार लगाई है।
ग्राम मनकारी निवासी पीडि़त रामबाबू मिश्र पुत्र जीवनलाल मिश्र ने एसपी को सौंपे आवेदन में बताया कि 23 अगस्त 2026 की रात करीब 1 बजे जब वे जागे तो देखा कि बगल के कमरे के बाहर लगा बल्ब बंद था। जब उन्होंने बल्ब जलाकर देखा तो कमरे में रखी पेटी खुली पड़ी थी और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। चोरी गए सामान में सोने के 4 कंगन, झुमकी, पांचाली मंगलसूत्र, अंगूठी तथा चांदी के बिछुआ और दो जोड़ पायल शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 10 से 12 लाख रुपये है।
पीडि़त का आरोप है कि पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने पर पुलिस ने जेवरातों की कीमत मात्र 90,000 रुपये लिखी थी। घटना के दिन पुलिस ने मौके पर आकर जांच तो की, लेकिन उसके बाद से मामले में कोई प्रगति नहीं हुई। जब भी पीडि़त थाने जाकर पूछताछ करते हैं, तो उन्हें केवल विवेचना जारी होने की बात कहकर टाल दिया जाता है। पुलिस द्वारा न तो दोबारा मौके की जांच की गई और न ही कोई समुचित कार्रवाई की गई, जिससे हताश होकर पीडि़त को पुलिस अधीक्षक की शरण में आना पड़ा। पीडि़त ने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर चोरी का खुलासा कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here