छतरपुर। मध्यप्रदेश विद्युत मंडल के पेंशनर्स ने अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर मंगलवार को विद्युत मंडल कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान पेंशनर्स ने आम सभा आयोजित कर अपनी मांगों को मजबूती से रखा और सरकार से शीघ्र समाधान की मांग की।पेंशनर्स की प्रमुख मांगों में भविष्य में मिलने वाली पेंशन की गारंटी सुनिश्चित किया जाना तथा केंद्र सरकार के समान महंगाई राहत प्रदान किया जाना शामिल है। पेंशनर्स का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई के कारण वर्तमान पेंशन अपर्याप्त साबित हो रही है, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। धरना स्थल पर मौजूद पेंशनर्स ने यह भी मांग की कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ एक बैठक आयोजित कराई जाए, ताकि पेंशनर्स की वास्तविक स्थिति और मांगों पर सीधे चर्चा हो सके।धरना और आम सभा के उपरांत पेंशनर्स ने अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा। पेंशनर्स ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस अवसर पर सुरेश बाबू खरे, रामसेवक गोस्वामी, राकेश सिंह हिंदवाशिया, आर.ए. मिश्रा, मनीराम श्रीवास्तव, एम.सी. गुप्ता, एम.सी. अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में विद्युत मंडल के पेंशनर्स मौजूद रहे।










