Home डेली न्यूज़ उड़ता ड्रोन फैला रहा दहशत, कहानियों से परेशान हो रहे लोग

उड़ता ड्रोन फैला रहा दहशत, कहानियों से परेशान हो रहे लोग

201
0
Jeevan Ayurveda

छतरपुर। भारत के कई शहरों और ग्रामीण इलाकों में इन दिनों ड्रोन उडऩे की खबरें और कुछ सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो सामने आ रहे हैं, इन खबरों के सामने आने के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म है। ग्रामीण इलाकों में शोर मचा है कि चोरों और लुटेरों का गिरोह ड्रोन के माध्यम से चोरी के पहले रैकी कर रहा है और फिर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा है। शहरों में इसे कोरी अफवाह करार दिया जा रहा है, तो वहीं कई जगहों पर ड्रोन कैमरे और संदिग्ध लोग पकड़े भी जा रहे हैं।
ड्रोन कैमरे से जुड़े मामले
प्राप्त जानकारी के अनुसार रात के वक्त आसमान में ड्रोन कैमरे उडऩे से जुड़ी खबरें छतरपुर सहित आसपास के कई अन्य जिलों में एक साथ फैल रही हैं। खासतौर से उत्तरप्रदेश के बांदा, महोबा, झांसी, हमीरपुर और छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना जिले से ऐसी खबरें सबसे ज्यादा सामने आ रही हैं। सिर्फ खबरें नहीं कुछ वीडियो भी सामने आए हैं। इन खबरों के मुताबिक रात करीब 9 बजे से 2-3 बजे तक आसमान में रेड लाईट या ग्रीन लाईट से लैस कोई उपकरण उड़ता हुआ दिखाई देता है, जैसा की आमतौर पर ड्रोन कैमरे होते हैं। कई लोगों ने इन ड्रोन कैमरों को अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया और इसे सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किया है। छतरपुर पुलिस के अधिकृत आंकड़ों के मुताबिक सिर्फ छतरपुर जिले में ही ऐसी 7 से 8 सूचनाएं प्राप्त हो चुकी हैं। सबसे पहले ऐसी सूचनाएं लवकुशनगर फिर, बिजावर, राजनगर, महाराजपुर क्षेत्र से सामने आईं और अब छतरपुर और खजुराहो शहर से भी इस तरह की सूचनाएं सामने आ रही हैं। सूचनाएं प्राप्त होने के बाद पुलिस ने ऐसे स्थानों पर जांच-पड़ताल शुरु की।
मामले सामने आने के बाद पुलिस ने क्या किया…?
छतरपुर पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने बताया कि मुख्यत: छतरपुर में सामने आए दो मामलों पर पुलिस ने सख्त एक्शन लिया है। राजनगर क्षेत्र के ग्राम पहरा में ड्रोन उडऩे की खबर मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और यहां से एक ड्रोन जप्त किया गया। दरअसल यहां किसी लड़के ने ऑनलाइन ड्रोन कैमरा मंगाकर इसे हवा में उड़ाया था, इसी दौरान इसका रिमोट खराब हो गया और यह ड्रोन काफी देर तक हवा में उड़ता रहा जब तकि इसकी बैटरी खत्म नहीं हो गई। पुलिस ने इस ड्रोन को जप्त कर समुचित कार्रवाई की है। इसी तरह का एक और मामला लवकुशनगर से भी सामने आया था, जहां से एक ड्रोन कैमरे को जप्त किया गया था। यहां भी मामला शरारत से जुड़ा था। पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि इस तरह के मामले शरारत से जुड़े या लापरवाही से जुड़े हैं। किसी भी मामले में चोरी या अपराध से जुड़ा कोई एंगल नहीं मिला है।
ड्रोन कैमरे उडऩे वाली खबरों की सच्चाई क्या है…?
इस तरह की खबरें जब से फैल रही हैं तभी से कई इलाकों में पैनिक क्रिएट हो रहा है। ग्रामीण इलाकों में तो लोग इतना डरे हुए हैं कि रात 2 बजे तक इन कैमरों की निगरानी कर रहे हैं। इसी दौरान यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति मिल जाता है तो उसकी पिटाई कर दी जाती है। राजनगर क्षेत्र में एक ऐसा मामला भी सामने आ चुका है। इस मामले को लेकर जो थ्योरी सामने आ रही हैं उसमें दो तीन थ्योरी सबसे ज्यादा मजबूत हैं। पड़ताल बताती है कि अधिकांश मामले विशुद्ध रूप से शरारत से जुड़े हैं। गांव-गांव में स्टूडियो चलाने वाले लड़कों ने ऑनलाइन ड्रोन मंगा रखे हैं जो इन अफवाहों को इंजॉय करते हुए ड्रोन उड़ाकर इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। झांसी में तो एक इतना अजीब मामला सामने आया, जिसमें शरारती लड़कों ने एक पहाड़ी के ऊपर जाकर एक बैटरी के साथ कुछ लाल रंग के बल्ब लकड़ी में बांधकर जला दिए जो रात भी जलते रहे और लोगों को ड्रोन उडऩे का भ्रम होता रहा। पुलिस ने जब सुबह जाकर पड़ताल की तो यह उपकरण जप्त किया गया। इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे आप देखिए…
ड्रोन से जुड़ी सारी खबरें शरारत भरी नहीं है बल्कि इसमें कुछ दूसरे एंगल से जुड़ी थ्योरी भी सामने आ रही हैं। सूत्र बताते हैं कि भारतीय सेना कुछ हिस्सों में नैविगेशन से जुड़े अभ्यास करती है जो अत्यधिक गोपनीय तौर पर किए जाते हैं। ड्रोन के जरिए किए जाने वाले यह अभ्यास नैविगेशन एक्सरसाईज का हिस्सा होते हैं। इनका उद्देश्य भारत की सुरक्षा जरूरतों से जुड़ा होता है। इन अभ्यासों के बारे में स्थानीय प्रशासन और पुलिस को भी कोई जानकारी नहीं दी जाती है। संभव है कि कुछ ड्रोन फ्लाई मामले इस अभ्यास का भी हिस्सा हैं।
पुलिस ने जारी की एडवाईजरी
छतरपुर पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर पूरे जिले में एक एडवाईजरी जारी की है। इस एडवाईजरी में कहा गया है कि- हाल ही में छतरपुर जिले सहित अन्य जिलों में ड्रोन कैमरे को लेकर विभिन्न चर्चाएँ एवं अफवाहें फैल रही हैं। इस संदर्भ में छतरपुर पुलिस द्वारा नागरिकों से अपील की जाती है कि वे किसी भी प्रकार की अपुष्ट जानकारी या अफवाह पर ध्यान न दें तथा पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग करें। यदि किसी क्षेत्र में ड्रोन कैमरा दिखाई देता है या उसकी गतिविधि संदिग्ध प्रतीत होती है, तो इसकी तत्काल सूचना पुलिस आकस्मिक सेवा 112, छतरपुर पुलिस हेल्पलाइन नंबर 7049101021 अथवा संबंधित थाना प्रभारी को दें। अब तक की जांच में चोरी या किसी अन्य आपराधिक घटना में ड्रोन कैमरे की संलिप्तता नहीं पाई गई है। अत: किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें और न ही स्वयं कोई उग्र कदम उठाएं। साथ ही, जिले में जिन स्टूडियो संचालकों या व्यक्तियों के पास ड्रोन कैमरा है, उनसे अनुरोध है कि वे ड्रोन संचालन की जानकारी संबंधित थाने में अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं। ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म (जैसे अमेज़ॉन, फ्लिपकार्ट आदि) से खरीदे गए ड्रोन कैमरों की जानकारी भी पुलिस द्वारा एकत्र की जा रही है।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here