छतरपुर। जिले में मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षक चयन परीक्षा वर्ग 2 के परिणाम में देरी से नाराज अभ्यर्थियों ने सोमवार को जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। अभ्यर्थियों ने परिणाम जल्द घोषित करने की मांग करते हुए कहा कि देरी के कारण वे मानसिक तनाव और आर्थिक दबाव का सामना कर रहे हैं, जो शिक्षा व्यवस्था को भी प्रभावित कर रहा है।
अभ्यर्थी विवेक तिवारी और संतोष सिंह ने बताया कि मध्य प्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग के तहत दिसंबर 2022 में माध्यमिक शिक्षक भर्ती परीक्षा का विज्ञापन जारी हुआ था। इसके लिए पात्रता परीक्षा अप्रैल 2023 में और चयन परीक्षा अप्रैल 2025 में आयोजित की गई। परीक्षा को चार महीने बीत चुके हैं, लेकिन परिणाम अब तक घोषित नहीं हुआ है। इस देरी से लाखों अभ्यर्थी मानसिक तनाव, चिंता और असमंजस की स्थिति में हैं। कई अभ्यर्थियों का मानसिक संतुलन प्रभावित हो रहा है, और वे आर्थिक व पारिवारिक दबाव का सामना कर रहे हैं। अभ्यर्थियों ने कहा कि शिक्षक भर्ती जैसे महत्वपूर्ण विषय में इस तरह की देरी न केवल उनके भविष्य को प्रभावित कर रही है, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में योग्य शिक्षकों की नियुक्ति को भी बाधित कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस विषय को गंभीरता से लेने और संबंधित विभाग को तत्काल परिणाम जारी करने के निर्देश देने की मांग की है।










