तरपुर। महाराजपुर विधानसभा के पूर्व कांग्रेस विधायक नीरज दीक्षित हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सावन माह में कांवड़ यात्रा निकाल रहे हैं। आज सोमवार को उनकी कांवड़ यात्रा पर्यटन नगरी खजुराहो के मतंगेश्वर मंदिर पहुंचकर संपन्न होगी। विधायक के साथ चल रहे अन्य भक्तगण भोलेनाथ का अभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए कामना करेंगे।
पूर्व विधायक नीरज दीक्षित ने बताया कि वे गत आठ वर्षों से हर वर्ष कांवड़ यात्रा का आयोजन करते आ रहे हैं। शनिवार को उन्होंने अपने गृहग्राम उर्दमऊ के मंदिर में पूजा-अर्चना कर यात्रा प्रारंभ की। उनके साथ सैकड़ों की संख्या में महिलाएं-पुरुष, युवा और उनके समर्थक भी चल रहे हैं। यात्रा ने पहला विश्राम ग्राम पिपट में किया और इसके बाद रविवार की सुबह पुन: यात्रा शुरु की। इस दौरान विधायक सहित सभी भक्तगण ढोलक-मंजीरे बजाते हुए भजन-कीर्तन करते दिखे। रविवार की शाम को यात्रा राजनगर पहुंचकर विश्राम कर रही है और आज सावन के अंतिम सोमवार को मतंगेश्वर धाम में जलाभिषेक के साथ यात्रा का विराम होगा।









