
छतरपुर। आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा के संग्रहण और परिवहन के खिलाफ नौगांव थाना क्षेत्र के बनगांय गांव में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने 122 लीटर अवैध देशी शराब जब्त कर संबंधित तस्कर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सहायक आबकारी आयुक्त भीमराव वैद्य के मार्गदर्शन में की गई उक्त कार्रवाई के तहत बनगांय गांव के प्रेमनारायण मिश्रा उर्फ कुलदीप के मकान पर छापेमारी की गई थी, जहां से टीम को 14 पेटियों में रखी 122.94 लीटर अवैध देशी शराब मिली। जब्त शराब का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 51,000 रुपये है। आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) और 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। सहायक आबकारी आयुक्त ने बताया कि कई दिनों से गांव में अवैध शराब तस्करी की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद मुखबिर की जानकारी पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्रवाइयां भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगी, ताकि अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।








