
जम्मू के युवा रंगकर्मी लकी गुप्ता करेंगे सोलो प्रदर्शन
छतरपुर। शहर के स्कूलों में शुक्रवार और शनिवार को चार नाटकों का मंचन किया जाएगा और शुक्रवार को ही गांधी आश्रम में शहर के दर्शकों के बीच जम्मू से आए नाट्यकर्मी अपने एकल नाटक की प्रस्तुति देंगे। थियेटर कलाकार लकी गुप्ता इस एकल नाटक से देश भर में पहचान बना चुके हैं। वे पूरे देश में घूमकर इस नाटक के 1600 से भी अधिक मंचन कर चुके हैं।
वरिष्ठ रंगकर्मी शिवेन्द्र शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि जम्मू के सुप्रसिद्ध युवा रंगकर्मी लकी गुप्ता अपने नाटक मां मुझे टैगोर बना दे, का मंचन करने शहर में आ रहे हैं जिसमें शुक्रवार 7 फरवरी को केंद्रीय विद्यालय, महर्षि विद्या मंदिर और शाम 5 बजे गांधी आश्रम में शहर के दर्शकों के लिए मंचन किया जाएगा। वहीं शनिवार को डीसेंट इंग्लिश स्कूल और उत्कृष्ट विद्यालय के छात्रों के बीच प्रस्तुति होगी। साहित्यकार और शिक्षक नीरज खरे ने बताया कि लकी गुप्ता बच्चों के थिएटर पर पिछले 15 वर्षों से काम कर रहे हैं और शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए यात्राएं भी करते हैं। वे अकेले ही यात्रा पर निकलते हैं और अपने नाटक की एकल प्रस्तुति विभिन्न शहरों में करते हैं । बगैर किसी साधन के किस तरह नाटक संभव हो सकता है यह लकी के काम को देखकर आप जान सकते हैं।
यह है नाटक की कहानी
नाटक मां मुझे टैगोर बना दे साहित्य अकादमी पुरस्कार प्राप्त चर्चित पंजाबी कथाकार मोहन भंडारी (14 फरवरी, 1937 – 28 नवंबर, 2021) की कहानी मैंनू टैगोर बना दे मां का हिन्दी नाट्य रूपांतरण है। ये नाटक एक ऐसे संघर्षशील बच्चे की कहानी है जो विपरीत परिस्थितियों के बाद भी पढऩा चाहता है और पढ़कर महान कवि टैगोर की तरह बनना चाहता है। ये नाटक शिक्षा के महत्व को नये तरह से रेखांकित करता है। लकी बच्चों के इस नाटक को देश भर में घूम-घूम कर कर रहे हैं और इस काम के लिए उन्होंने एक लंबी यात्रा तय की है। लकी गुप्ता नाटक मां मुझे टैगोर बना दे के प्रदर्शन राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय, नई दिल्ली, भारतेन्दु नाट्य अकादमी, लखनऊ, मध्यप्रदेश नाट्य विद्यालय, भोपाल सहित भारत के 1000 से ज़्यादा छोटे-बड़े शहरों और कस्बों में कर चुके हैं। उन्होंने इस नाटक के माध्यम से 50 लाख से ज्यादा दर्शकों से संवाद स्थापित किया है। लकी इस नाटक के 1600 से ज्यादा प्रदर्शन देश भर में कर चुके हैं। इस नाटक को लकी गुप्ता बिना किसी तामझाम और प्रॉपर्टी के करते हैं।








