
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बचाई जान, पुलिस ने दर्ज किया मामला
छतरपुर। एक युवक जब उधारी के पैसे वापस नहीं लौटा पाया तो 4 युवकों ने न केवल उसे बंधक बनाया बल्कि उसके साथ लात-घूंसो और जूतों से मारपीट भी की गई। बाद में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बंधक बनाए गए युवक को खोजकर उसकी जान बचाई। घटना नौगांव थाना क्षेत्र की है लेकिन पीडि़त युवक ने अपनी मां के साथ छतरपुर के सिविल लाइन थाना में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने 4 लोगों के विरुद्ध अपहरण और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरु की है।छतरपुर की पंचवटी कॉलोनी निवासी कुलदीप पुत्र हरिमोहन पटैरिया ने बताया कि वह कपड़ों का व्यापार करता है। इन दिनों नौगांव के मेले में दुकान संचालित कर रहा है। कुछ दिन पहले उसने मऊसहानियां निवासी तौफीक खान से 5 हजार रुपए उधार लिए थे। गुरुवार की सुबह करीब 8 बजे तौफीक अपने साथी अनीश, अहमद और कालिब खान के साथ नौगांव मेला में पहुंचा और कुलदीप को पकड़कर पैसे मांगे। कुलदीप ने कुछ दिन बाद पैसे देने की बात कही, जिसके बाद उक्त चारों लोग कुलदीप को बंधक बनाकर मऊसहानियां ले गए। मेले में कुलदीप की दुकान के बगल में ही उसके चाचा हरिशंकर भी दुकान लगाए हैं, जिन्होंने कुलदीप को बचाने का प्रयास किया लेकिन आरोपी नहीं माने। इसके बाद हरिशंकर ने कुलदीप की मां को फोन लगाकर घटना की जानकारी दी। कुलदीप की मां श्रीमती नीरज पटैरिया ने घटना की जानकारी बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को दी, जिसके बाद करीब एक दर्जन कार्यकर्ताओं ने उसे खोजना शुरू कर दिया। कुलदीप को बंधक बनाए जाने के करीब 8 घंटे बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता मऊसहानियां के जंगलों में पहुंचे, जहां उक्त चारों लोग कुलदीप को लात-घूसों और बेल्टों से पीट रहे थे। आरोपियों को पकडऩे का प्रयास किया गया लेकिन चारों आरोपी कुलदीप को छोड़कर मौके से भाग गए। घटना के बाद कुलदीप ने अपनी मां के साथ सिविल लाइन थाना पहुंचकरक चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया, जिस पर सिविल लाइन थाना प्रभारी बाल्मीकि चौबे ने अपहरण और मारपीट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। सिविल लाइन थाना प्रभारी वाल्मीकि चौबे ने बताया कि कुछ लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








