
खजुराहो। पश्चिमी मंदिर समूह स्थित साउंड एंड लाइट शो के प्रवेश द्वार के सामने स्थित नगर परिषद खजुराहो के अधीन चंदेलकालीन प्रेमसागर तालाब की स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं ने साफ सफाई की। गौरतलब है कि उक्त प्रेमसागर तालाब के पानी में काफी गंदगी देखी जा रही थी,अज्ञात लोगों द्वारा उक्त तालाब में बड़ी तादाद में प्लास्टिक का कचरा,शराब और दवाइयों सहित उपयोग में आई कांच की बाटलें,पूजन सामग्री और अनावश्यक सामग्री लगातार फेंकी जा रही है जिससे तालाब का पानी गंदगी के साथ प्रदूषित होते जा रहा था,जिससे उक्त तालाब का पानी निस्तार में लेने से बीमारी का खतरा भी पैदा हो सकता था,इन सभी को देखते हुए स्थानीय लोगों ने पानी का कचरा निकालने का काम शुरू किया है। गौरतलब है कि उक्त तालाब में मछली पालन हेतु मछुआ समिति को ठेका भी दिया गया है, ठेके वाली समिति के सदस्यों ने सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ तालाब की गंदगी साफ करवाई। याद रहे उक्त तालाब के घाटों के सौंदर्यकरण और निर्माण का कार्य भी चल रहा है,उक्त तालाब को बेनीसागर बांध के पानी के साथ भरवाया जाता है। उक्त अवसर पर संजय रैकवार, बाबूलाल रैकवार, कल्लू रैकवार, रूपेश वाजपेई, मनीराम रैकवार सहित अन्य समिति के सदस्य तथा सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहे।







