
दीक्षित दंपत्ति ने जनसुनवाई में की शिकायत, निष्पक्ष जांच की मांग
छतरपुर। पिछले दिनों बगौता हल्का पटवारी द्वारा सिविल लाइन थाना में दो युवकों के विरुद्ध मारपीट और धमकी का मामला दर्ज कराया गया था लेकिन अब पटवारी पर ही षडयंत्रपूर्वक झूठी शिकायत करने के आरोप लग रहे हैं। मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचे छतरपुर के दीक्षित दंपत्ति ने कलेक्टर को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष कराने और पटवारी पर कार्रवाई करने की मांग की है।आवेदन देने आए सागर रोड निवासी सुनील शरण दीक्षित का आरोप है कि बगौता हल्का पटवारी अभिषेक गोस्वामी ने कुछ लोगों के इशारे पर उनके पुत्र आकाश दीक्षित और संतोष शुक्ला की झूठी रिपोर्ट सिविल लाइन थाना में दर्ज कराई है। श्री दीक्षित का कहना है कि घटना दिनांक को पटवारी अभिषेक गोस्वामी ने स्वयं फोन लगाकर उनके पुत्र आकाश दीक्षित और संतोष शुक्ला को अपने घर बुलाया था लेकिन वे दोनों पटवारी के घर पहुंचे तो वे घर पर नहीं मिले थे, बावजूद इसके पटवारी ने सिविल लाइन थाना में आकाश और संतोष के विरुद्ध मारपीट तथा धमकी देने का झूठा मामला दर्ज करा दिया है। सुनील शरण दीक्षित ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और पटवारी पर कार्रवाई करने की मांग की है।







