Home डेली न्यूज़ किश्त चुकाने के लिए पैसे नहीं थे इसलिए दो युवकों ने लूट...

किश्त चुकाने के लिए पैसे नहीं थे इसलिए दो युवकों ने लूट ली बस

41
0
Jeevan Ayurveda

पुलिस ने 2 घंटे में लुटेरों को दबोचा, आरोपी बोले- मजबूरी में दिया वारदात को अंजाम

छतरपुर। जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह दो युवकों ने कट्टे की नोंक पर बस को रोककर उसमें सवार डेढ़ दर्जन से अधिक यात्रियों के जेवरात और पैसे लूट लिए। घटना को अंजाम देने के बाद लुटेरे मौके से भागने में सफल हो गए थे लेकिन पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेकर महज 2 घंटे में ही दोनों लुटेरों को दबोच लिया। बस में सवार यात्रियों के मुताबिक लुटेरों ने 3 हवाई फायर करते हुए मात्र 15 मिनिट में ही पूरी बस को लूट लिया था और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग निकले थे। गिरफ्तार होने के बाद आरोपियों ने पुलिस को चौंकाने वाला बयान दिया, आरोपियों कहना था कि उनके पास मोटरसाईकिलों की किश्त चुकाने के लिए पैसे नहीं थे इसलिए मजबूरी में उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया है।इस तरह हुई वारदातप्राप्त जानकारी के मुताबिक यात्री बस क्रमांक एमपी 16 पी 0451 लवकुशनगर से सतना जाने के लिए करीब 20 यात्रियों के साथ सुबह 6 बजे रवाना हुई थी। करीब सवा 7 बजे जब बस राजनगर थाना क्षेत्र के कुटने डैम के समीप पथरया तिराहा पर पहुंची तो सड़क किनारे खड़े दो युवकों ने बस को रोकने का इशारा किया। बस चालक किशोरी कुशवाहा ने युवकों को सवारी समझकर बस रोक दी, लेकिन बस रुकते ही दोनों युवकों ने बस में चढ़कर कट्टा निकाल लिया जिससे बस स्टाफ सहित अन्य यात्री दहशत में आ गए। चालक किशोरी के मुताबिक सबसे पहले लुटेरों ने यात्रियों को फोन इस्तेमाल करने पर जान से मारने की धमकी दी और इसके बाद कट्टे की नोक पर यात्रियों के आभूषण और पैसे छीनना शुरु कर दिए। किशोरी के मुताबिक पूरी वारदात के दौरान लुटेरों ने 3 हवाई फायर भी किए। करीब 15 मिनिट में वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों लुटेरे ने बस कंडक्टर समीर अली का किराए के पैसों से भरा बैग छीना और खेतों की ओर भाग गए। लुटेरों के भागने के बाद जब कंडक्टर बाहर निकला तो पास में लुटेरों की बाइक खड़ी थी, जिसका नंबर एमपी 16 जेडडी 9340 नोट किया गया और इसी आधार पर राजनगर थाने जाकर घटना की शिकायत की गई। बस में सवार यात्री अवधेश पटेल ने बताया कि एक लुटेरे ने काली और दूसरे ने ग्रे कलर की शर्ट पहनी थी तथा दोनों का मुंह गमछे से कवर था। थाने में शिकायत करते हुए यात्रियों ने पुलिस को बताया कि लुटेरे प्लेटिना बाइक से आए थे, बस में चढऩे के बाद उन्होंने कट्टा दिखाया और हवाई फायर कर दहशत फैलाई। इसके बाद धमकाते हुए यात्रियों के जेवर, कैश और मोबाइल छीन लिए। यहां तक कि एक छोटे से बच्चे के हाथ में मौजूद 50 रुपए का नोट तक लुटेरे छीन ले गए। एक महिला यात्री ने बताया कि वह बस से राजनगर आ रही थी लेकिन राजनगर पहुंचने से पहले ही घटना हो गई। लुटेरों ने उसका मंगलसूत्र, बेटी की सोने की चेन और बेटी के इलाज के लिए रखे गए 20 हजार रुपए छीन लिए। वहीं दूसरी ओर जैसे ही क्षेत्रीय सांसद और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा को घटना की जानकारी लगी, वैसे ही उन्होंने तुरंत दूरभाष पर पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी से बात कर सख्त कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।दो घंटे में पकड़े गए आरोपी, एसपी ने किया खुलासाउक्त गंभीर घटना की शिकायत राजनगर थाना में होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले को संज्ञान में लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। खजुराहो एसडीओपी सलिल शर्मा के मार्गदर्शन में राजनगर और खजुराहो थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एकत्रित साक्ष्य, यात्रियों के कथन और घटना स्थल पर मिली बाइक के आधार पर विवेचना करते हुए मात्र 2 घंटे में ही दोनों लुटेरों को पकड़ लिया। दोपहर में पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने जिला मुख्यालय पर पुलिस कॉन्फ्रेंस हॉल में पत्रकारवार्ता आयोजित कर घटना और कार्रवाई की विस्तृत जानकारी मीडियाकर्मियों के साथ साझा की। एसपी अगम जैन ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के नाम राहुल उर्फ कुलदीप पुत्र राजू उर्फ संतोष तिवारी उम्र 22 साल और राजेंद्र पुत्र कड़ोरे पटेल उम्र 20 साल हैं, दोनों राजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम अतर्रा के रहने वाले हैं। एसपी अगम जैन के मुताबिक पूछताछ में आरोपी राजेन्द्र पटेल ने बताया कि उसकी बाइक एक व्यक्ति के पास गिरवी रखी है। बाइक वापिस लेने के लिए उसे पैसे चुकाने थे, जो उसके पास नहीं थे। जबकि दूसरे आरोपी राहुल उर्फ कुलदीप तिवारी ने कुछ समय पहले नई बाइक खरीदी थी जिसकी किश्त भरने के लिए उसे पैसों की जरूरत थी। इसी परेशानी के चलते दोनों ने एकराय होकर लूट की योजना बनाई और शुक्रवार की सुबह वारदात को अंजाम दे डाला। आरोपियों के पास से पुलिस ने लूटी की सामग्री और घटना में प्रयुक्त अवैध देशी कट्टा बरामद किया है, जबकि उनकी प्लेटिना बाइक घटना स्थल से जब्त की गई है। उक्त कार्रवाई में राजनगर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सिद्धार्थ शर्मा, खजुराहो थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अतुल दीक्षित, उपनिरीक्षक केएल दहिया, आरक्षक संजय सिंह, शिव कुमार, शत्रुघ्न, अलकेश आदि की सराहनीय भूमिका रही।

Ad
Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here