
एक दिन पहले पुलिस ने जारी की थी एडवाईजरी
छतरपुर। एक दिन पहले पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने एडवाईजरी कर नकाब बांधकर यात्रा करने पर प्रतिबंध लगाया था, जिसके बाद से पूरे जिले में उक्त एडवाइजरी का पालन नहीं करने, चेहरा ढंक कर यात्रा करने, चार पहिया वाहन में अपारदर्शी कांच लगाने, बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों और पहचान छिपाने वाले वाहन चालकों की जांच करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।इसी क्रम में सोमवार को यातायात पुलिस सहित जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में सघन चैकिंग की गई। वहीं पुलिस के राजपत्रित अधिकारियों द्वारा भी जगह-जगह निरीक्षण किया गया। जो वाहन चालक हेलमेट की बजाय मुंह में गमछा बांधे पाए गए, बिना नंबर प्लेट का वाहन लिए पाए गए, चार पहिया वाहनों में अपारदर्शी कांच पाए गए उन्हें रोककर संपूर्ण जानकारी ली गई। साथ ही साथ उन पर नियमों का उल्लंघन करने के लिए विधिवत चालानी कार्यवाही भी की गई। चेकिंग के दौरान जो संदिग्ध व्यक्ति पाए गए उनके लिए रिकॉर्ड की जांच की गई। उल्लेखनीय है कि ज्यादातर अपराधी, अपराध करने के आशय से अपनी पहचान छुपाने के लिए चेहरा ढककर घूमते हैं, जिसे दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक ने यह एडवाईजरी जारी की है, जिसका जिले में सख्ती से पालन कराया जा रहा है।







