
चारों आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
लवकुशनगर। पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने समस्त थाना प्रभारी को अवैध हथियार संबंधी आरोपी, क्षेत्र में दहशत फैलाने एवं माहौल खराब करने वाले एवं लूट डकैती जैसी गंभीर घटनाओं को घटित करने वाले आरापियो को शीघ्र गिरफ्तारी कर कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया है।रविवार को मुखबिर से सूचना मिली कि लवकुशनगर रानीपुर रोड पर कुएं के पास सुनसान जगह पर कुछ लड़के अवैध हथियार लेकर कोई डकैती जैसी गंभीर घटना को अंजाम देने वाले हैं। उक्त सूचना पर थाना लवकुशनगर पुलिस द्वारा तीन अलग-अलग टीम बनाकर संबंधित स्थान रानीपुर रोड कुएं के पास बनी झोपड़ी के पीछे जाकर दबिश दी गई। पुलिस ने 4 संदेहियों को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से एक 315 बोर का देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक तलवार, एक लोहे की रॉड, बका एवं मोबाइल जब्त किए गए हैं। पकड़े गए आरोपियों में आशीष सिंह चौहान पिता बहादुर सिंह चौहान उम्र 24 साल निवासी सिंचाई कॉलोनी, भारत द्विवेदी पिता मनोज द्विवेदी उम्र 25 साल निवासी चौरसिया मोहल्ला, दीपेंद्र उर्फ भोला तिवारी पिता शिवकुमार तिवारी उम्र 21 साल निवासी वार्ड नंबर 14, जय हिंद यादव पिता धर्म यादव उम्र 21 साल निवासी वार्ड नंबर 5 सभी निवासी लवकुश नगर का होना बताया। पूछताछ करने पर आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से लवकुशनगर क्षेत्र में डकैती की योजना बनाना स्वीकार किया। उक्त अभियुक्तों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया।आरोपी भारत द्विवेदी पर मारपीट चंदा वसूली, अवैध शस्त्र सहित 22 अपराध पंजीबद्ध हैं। आरोपी आशीष चौहान पर मारपीट, अवैध शस्त्र, एससीएसटी एक्ट से संबंधित 04 अपराध पंजीबद्ध है। आरोपी दीपू उर्फ भोला तिवारी पर मारपीट अवैध शस्त्र से संबंधित 04 अपराध पंजीबद्ध हैं। आरोपी जय हिंद यादव पर जुआ एक्ट का 1 अपराध पंजीबद्ध है। सभी आरोपीगणों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है।उक्त कार्यवाही में इंचार्ज थाना प्रभारी उप निरीक्षक ज्ञान सिंह, सहायक उप निरीक्षक जेपी बागरी, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र मोहन, आरक्षक रमाकांत तिवारी, सूरज शर्मा, हिरदेश नायक, उमेश वर्मा, बलराम अहिरवार, देव सिंह, नरेंद्र अहिरवार, सतीश सिंह, बृषभान अहिरवार, बनवाली कुशवाहा की अहम भूमिका रही।







