
एसपी ने महिला संबंधी अपराध नियंत्रण के लिए रखी मीटिंग
छतरपुर। पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने महिलाओं पर होने वाले अपराधों को नियंत्रित करने हेतु एक मीटिंग आयोजित की। इस मीटिंग में महिला सुरक्षा शाखा, महिला थाना, थाना अजाक, शिकायत शाखा, निर्भया मोबाइल को महिला सुरक्षा के संबंध में निर्देश देते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों, पार्क, शैक्षणिक संस्थान आदि में घूमने वाले मनचलों पर नजर रखें और महिलाओं का पीछा करने वाले बाईकर्स के खिलाफ भी कठोर कार्यवाही करें। इस अभियान को एंटी छपरी अभियान नाम दिया गया है।
स्थानीय पुलिस कांफ्रेंस हाल में एसपी अगम जैन ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए काम करने वाले बल को अलर्ट मोड में करते हुए निर्देश दिए कि वे अपनी जिम्मेदारी का सजगतापूर्ण निर्वहन करें। यदि महिलाओं के खिलाफ कोई अपराध घटित करता है या उन्हें कोई परेशान करता है तो उसके खिलाफ तत्काल कार्यवाही सामने आनी चाहिए। मीटिंग में एएसपी विक्रम सिंह, सीएसपी अमन मिश्रा, एसडीओपी बिजावर शशांक जैन, रक्षित निरीक्षक पूर्णिमा मिश्रा, महिला थाना प्रभारी निरीक्षक माधवी अग्निहोत्री, महिला सुरक्षा शाखा से उप निरीक्षक तबस्सुम खान, शिकायत शाखा प्रभारी उपनिरीक्षक रागिनी कटारे सहित महिला थाना, महिला सुरक्षा शाखा, थाना अजाक के स्टाफ एवं संबंधित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।








