
हरपालपुर। लोकसभा चुनाव को लेकर आचार संहिता लागू है और जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले से जुड़ी अंतरर्राज्जीय सीमा (यूपी-एमपी बॉर्डर) पर एफएसटी टीम को सघन चैकिंग हेतु तैनात किया है किंत इस टीम द्वारा अपने कार्य में लापरवाही की जा रही है। दरअसल शुक्रवार को नगर के राठ रोड नाके के समीप सुबह से शाम तक वाहनों की बिना जांच के आवाजाही होते रही। सीमा पर तैनात एफएसटी टीम यहां से नदारत थी। टीम के बैठने के लिए यहां तो कैंप बनाया गया है, वह दिन भर खाली पड़ा रहा। उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व नौगांव के पास एक वाहन से 10 लाख रुपए की नगदी जप्त की गई थी, जिससे स्पष्ट है कि चुनाव के चलते बड़ी मात्रा में नगदी सहित अन्य प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री का आयात-निर्यात हो रहा है और इसी की जांच हेतु एफएसटी टीम को तैनात किया गया है, किंतु लापरवाही के कारण सही ढंग से जांच नहीं हो पा रही है।








