छतरपुर। गौरिहार थाना क्षेत्र के ग्राम इटौरा में एक ही दबंग व्यक्ति द्वारा एक ही परिवार के कई सदस्यों के साथ लगातार मारपीट, गाली-गलौज और अवैध तमंचे से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय पुलिस की कथित असंतोषजनक और शिथिल कार्यप्रणाली से त्रस्त होकर पीडि़तों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय छतरपुर पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है और अपनी जानमाल की सुरक्षा की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम इटौरा निवासी दयाबती राजपूत पत्नी रामबाबू राजपूत ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि 3 सितंबर 2026 को दोपहर लगभग 3 बजे जब वे अपने खेत के पास भैंस चरा रही थीं, तभी भैंस खेत में चले जाने की बात को लेकर गांव के ही आरोपी सुरेन्द्रपाल राजपूत पुत्र अयोध्या राजपूत ने उनके साथ गाली-गलौज और डंडे से मारपीट की। महिला का आरोप है कि गौरिहार पुलिस ने उनकी वास्तविक शिकायत दर्ज न करके अपनी मर्जी से हल्की-फुल्की रिपोर्ट लिखी।
इसके बाद, 27 सितंबर 2026 को शाम लगभग 7:30 बजे आरोपी सुरेन्द्रपाल ने पुरानी रंजिश और पूर्व में की गई शिकायत की खुन्नस में पीडि़त परिवार के बुजुर्ग सदस्य अरविन्द कुमार राजपूत पुत्र प्रताप सिंह राजपूत पर भी लाठी और अवैध कट्टे के बट से हमला कर दिया। इस हमले में अरविन्द कुमार के सिर पर गंभीर चोटें आईं और सिर में 6 टांके लगाने पड़े। पीडि़त पक्ष का यह भी गंभीर आरोप है कि थाने की पुलिस ने कट्टे से हमले और फायरिंग की घटना को छुपाते हुए केवल लाठी से मारपीट का मामला दर्ज किया तथा पुलिसकर्मियों द्वारा उनसे पैसों की मांग भी की गई।
पीडि़त परिवार का कहना है कि आरोपी गांव में शराब का अवैध धंधा करता है और दबंगई के बल पर लगातार धमकी दे रहा है। आरोपी के इस खौफ और लगातार मिल रही धमकियों के कारण पीडि़त परिवार कृषि कार्य तक नहीं कर पा रहा है और गांव छोड़कर जाने को मजबूर है। पीडि़तों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और आरोपी के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई करते हुए उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।









