छतरपुर। सोमवार को पुलिस अधीक्षक अगम जैन द्वारा मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले की कानून-व्यवस्था एवं अपराधों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिले के समस्त थानों के गंभीर अपराध, महिला संबंधी अपराध, मर्ग, शिकायतों का निराकरण, प्रतिबंधात्मक कार्यवाही, ई-साक्ष्य, ई-विवेचना, ई-समन/वारंट तामीली, सीसीटीएनएस फीडिंग सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक छतरपुर द्वारा वर्ष 2025 सहित विगत वर्षों के आपराधिक आंकड़ों की समीक्षा की गई, जिसमें यह पाया गया कि वर्ष 2025 में गंभीर सहित अन्य अपराधों में कमी आई है। अवैध हथियारों की धरपकड़, चोरी, लूट, स्नैचिंग के प्रकरणों का सफल खुलासा, मोटरसाइकिल एवं मोबाइल बरामदगी, तथा ऑपरेशन मुस्कान के अंतर्गत नाबालिग बालक-बालिकाओं एवं गुमशुदा व्यक्तियों की दस्तयाबी में सफलता प्राप्त हुई है।
बैठक में जमानत निरस्तीकरण, जेल से रिहा अपराधियों की चेकिंग, गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की सतत निगरानी, जनसंवाद, गुंडा परेड, प्रतिबंधात्मक कार्यवाही तथा अन्य राज्यों की पुलिस से समन्वय जैसे प्रभावशील कार्यों पर चर्चा की गई। साथ ही हत्या एवं हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों में घटना के कारण, तरीका एवं प्रयुक्त हथियारों के संबंध में भी विश्लेषण किया गया।
इसी प्रकार जिले के सभी अनुभागों के वर्ष 2025 एवं पूर्व के आपराधिक आंकड़ों तथा की गई कार्यवाहियों की समीक्षा की गई तथा वर्ष 2026 हेतु निर्धारित लक्ष्यों एवं संभावित चुनौतियों पर चर्चा की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले द्वारा साइबर अपराधों पर नियंत्रण हेतु की जाने वाली कार्यवाही के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई एवं संबंधित प्रक्रिया समझाई गई। समस्त अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को लंबित शिकायतों, लंबित गंभीर एवं महिला संबंधी अपराधों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। शीत ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने, नियमित रात्रि एवं प्रभात गश्त, बैंक, एटीएम, सराफा दुकान के पास भ्रमणशील, साप्ताहिक हाट-बाजारों में तैनाती एवं सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही गुंडा, निगरानी बदमाश एवं हिस्ट्रीशीटर अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखते हुए उन्हें नियंत्रण में रखने के निर्देश दिए गए।
सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना/चौकी प्रभारियों को सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, निरंतर पेट्रोलिंग, जिले के सभी होटल, ढाबा, बस स्टैंड, चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सघन चेकिंग करने तथा अनावश्यक रूप से घूम रहे आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों, अराजक तत्वों एवं संदिग्धों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। अपराध समीक्षा बैठक में लेखराज मीणा आईपीएस (पी), समस्त अनुविभागीय पुलिस अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी तथा संबंधित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।










