हरपालपुर। थाना क्षेत्र की पुरानी गल्ला मंडी स्थित 70 वर्ष पुरानी बर्तन की दुकान में रविवार रात लगभग 10 बजे अचानक आग लग गई, जिससे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। दुकान से धुआं उठता देख आसपास के दुकानदार तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास के साथ सामान सुरक्षित स्थान पर ले जाने लगे।सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और 112 पुलिस मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। दुकान के अंदर बड़ी मात्रा में बर्तन रखे होने से आग बुझाने में दिक्कत पेश आई। दुकान मालिक अमित ताम्रकार की यह दुकान लकड़ी और टीन शेड के पुराने ढांचे वाली है, जिसमें रात के समय बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगना बताया जा रहा है। घटना के वक्त दुकान में मालिक और कर्मचारी मौजूद थे, जिन्होंने आग फैलते ही बाहर निकलकर शोर मचाया।भाजपा नेता अशोक घूरा ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। वहीं दुकानदारों ने अपने स्तर पर अग्निशमन यंत्रों से शुरुआती प्रयास किए। रात होने के कारण भीड़ कम थी, जिससे दमकल वाहन बिना रुकावट के मौके पर पहुंच गया। आग की सूचना फैलते ही क्षेत्र के लोगों ने सड़क से वाहनों को हटाकर रास्ता साफ कर दिया था। फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।










