
सिद्धि विनायक नवदुर्गा उत्सव समिति ने आयोजित की भजन संध्या1
छतरपुर। शहर के बस स्टैण्ड पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री सिद्धि विनायक नवदुर्गा उत्सव समिति द्वारा मां दुर्गा का दरबार सजाया गया है, जिसमें प्रतिदिन भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बीती शाम समिति द्वारा गायक खनिज देव चौहान की भजन संध्या का कार्यक्रम रखा गया, जिसमें देर रात तक श्रोता भजनों की धुन पर झूमते रहे। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि छतरपुर विधायक ललिता यादव रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में कांग्रेसी नेता आबिद सिद्दीकी और समाजसेवी भगवतशरण अग्रवाल मंचासीन रहे।सर्वप्रथम अतिथियों, समिति के सदस्यों और भक्तों ने माता की आरती की और इसके बाद अतिथियों ने समिति द्वारा सजाए गए अनूठे दरबार की सराहना करते हुए सारगर्भित उद्बोधन दिए। तत्पश्चात गायक खनिज देव चौहान ने अपनी टीम के साथ एक-एक से बढ़कर भजनों की प्रस्तुतियां दीं, जिनकी धुन पर उपस्थित जनसमूह देर रात तक झूमता रहा। श्री सिद्धि विनायक नवदुर्गा उत्सव समिति के अध्यक्ष अरविंद गोस्वामी ने बताया दशहरे के दिन माता के दरबार में विशाल शस्त्र पूजन का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। उन्होंने शहर वासियों से प्रतिदिन सुबह-शाम माता की आरती और कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की है।







