
छतरपुर। पिछले दिनों भाजपा के युवा नेता एवं पार्षद शिखा शर्मा के पति महेन्द्र शर्मा का एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया था। हर वर्ष स्व. महेन्द्र शर्मा के सहयोग से आयोजित होने वाले सरकार कप क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन इस वर्ष उनकी स्मृति में किया जा रहा है। स्टेडियम के समीप हॉकी ग्राउंड में शनिवार को टूर्नामेंट का शुभारंभ दिवंगत भाजपा नेता महेन्द्र शर्मा की पत्नी शिखा शर्मा और समाजसेवी मायादेवी यादव ने रिबिन काटकर किया। कार्यक्रम में स्व. श्री शर्मा के अन्य परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। आयोजन कमेटी के विक्की यादव ने बताया कि इस बार टूर्नामेंट में कुल 64 टीमें भाग ले रही हैं, जिनके बीच अगले लगभग दो सप्ताह तक प्रतिदिन रोमांचक मुकाबले होंगे। उन्होंने बताया कि उद्घाटन मैच स्पाईटरन बनाम छतरपुर राईडर खेला गया। अतिथियों ने मैदान पर जाकर दोनों टीमों के खिलाडिय़ों से परिचय लिया और इसके बाद टॉस कराकर मैच शुरु कराया। पहले दिन का दूसरा मैच फार्मा-11 बनाम सीएस 11 खेला गया। आयोजन कमेटी की ओर से बताया कि टूर्नामेंट की विजेता टीम को 51 हजार रुपए के नगद पुरुस्कार सहित ट्रॉफी प्रदान की जाएगी, जबकि उपविजेता टीम को 25 हजार की नगद राशि के साथ ट्रॉफी मिलेगी। इसके अलावा मैन ऑफ द टूर्नामेंट सहित कई अन्य पुरुस्कार उत्कृष्ट खिलाडिय़ों को फाइनल मैच के बाद प्रदान किए जाएंगे। पहले दिन के मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मैदान पर पहुंचे।








